Apr 26

 

 

युवा शक्ति के आदर्श विवेकानंद हैं, न कि राहुल गाँधी अभी हाल के मध्यप्रदेश के चुनावी दौरों के समय बिना तथ्यों की जमीनी स्तर पर जाँच- पड़ताल किये राहुल गाँधी द्वारा भाजपा सरकार के ऊपर हमला उनकी अपरिपक्व राजनीतिक सोंच का स्पष्ट परिणाम है | कांग्रेस अगर गरीबी और भ्रष्टाचार की बात करे तो वास्तव में यह हास्य का विषय है क्योकि लगातार चुनावों में इसे मुद्दा बनाना पुराना हतियार रहा है | जबकि यह सर्व विदित है कि कांग्रेस और करप्शन का तो चोली दामन का साथ है | राहुल गाँधी और सोनिया गाँधी द्वारा संविधानेत्तर शक्ति केंद्र के रूप में काम करना इस देश की जनता के साथ एक बड़ा धोका नहीं तो और क्या है | क्या युवा कांग्रेस का चेहरा बनकर युवाओं को लुभाने की कोशिश करने वाले राहुल गाँधी बताएँगे कि उनके कठपुतली प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के अर्थशास्त्री होने के बावजूद हवाला घोटाला और सत्यम घोटाला कैसे हुआ ? यह कांग्रेस और यूपीए सरकार ही थी जिसने गेहूँ निर्यात में घोटाला किया और अभी चुनाव से ठीक पहले इस्राइल से रक्षा सौदे में घोटाला सुर्खियों में है | क्या शिबू सोरेन और लालू प्रसाद यादव राहुल गाँधी के लिए नैतिकता के प्रतीक हैं ? ऐसे में युवा शक्ति के रूप में कांग्रेस द्वारा राहुल गाँधी को आगे कर भ्रष्टाचार एवं गरीबी जैसे मुद्दों पर बयान जान बुझ कर दिलवाया इस मध्य- प्रदेश की छः करोड़ जनता का घोर अपमान है क्योकि लम्बे समय तक इस राज्य में सिर्फ कांग्रेस ही सत्ता पर काबिज़ रही है | मैं तो दिन-रात इस प्रदेश को कैसे विकास की गति में सबसे आगे रखा जाये सिर्फ इसी के लिए ही सकारात्मक चिंतन करता हूँ, कांग्रेस को यह बात समझनी होगी की हमारी विकासपरक शासन के मुद्दे को लेकर ही सत्ता में पुनः वापसी हुई है | मैं इस देश की युवा शक्ति के आदर्श के रूप में विवेकानंद का हिमायती हूँ न कि परिवारवाद की परम्परा की पोषक कांग्रेस कि युवा शक्ति के प्रणेता राहुल गाँधी का | भाजपा हर परिवार के युवा को विवेकानंद जी की शक्ति से युक्त कर राष्ट्र निर्माण में बराबर का साझीदार बना आगे बढ़ाने में विश्वास करती है |
      वन्देमातरम, जय हिंद
   भारत माता की जय

Apr 24

  

वर्त्तमान चुनाव प्रणाली ने भारतीय राजनीतिक व्यवस्थाओं को छिन्न भिन्न कर दिया है| मैं अक्सर सोचता हूँ कि जनगण मजबूत हो और तंत्र शिथिल पड़े ऐसी व्यवस्था कैसे की जायेकांग्रेस ने आजादी के बाद से अब तक आम नागरिक में नागरिक दायित्व बोध का जागरण नहीं किया है| अलबत्ता हुआ यह कि लोग नागरिक दायित्व का विस्मरण करते गए और अधिकारों के प्रति जागरूक रहे जबकि अधिकारों कर्त्तव्य दोनों में आनुपातिक सम्बन्ध रहना चाहिए था | जब आप नागरिक को वोटर बनायेंगे तो लोकतंत्र खतरे में पडेगा ही | वोटर के नाते सदैव अधिकारों का भाव बना रहता है| परंतु नागरिक के नाते कर्त्तव्य का भाव जागृत रहता है| आज देश को नागरिक कर्त्तव्य से जुड़े नागरिक  की आवश्यकता है |
    
स्थिति कांग्रेस ने इतनी भयावह बना दी कि मतदाता बाट जोहता है कि कौन सी पार्टी क्या बाँट रही है किससे क्या मिल सकता है | स्थिति ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया है  कि तमिलनाडु में पिछले चुनाव में एक दल ने कहा कि रंगीन टी व्ही देंगें जबकि दूसरे समकक्ष दल ने पांच ग्राम मंगलसूत्र देने की बात कही  | मेरा मानना है कि मतों के लिए कोई  प्रलोभन नहीं देना चाहिए | जनता में प्रलोभन से नागरिक बोध का क्षरण होता है
|
    
आज यह महती आवश्यकता हो गयी है कि हम चुनाव प्रणाली पर पुनः विचार करें | मुझे लगता है कि देश का प्रधान मंत्री और राज्यों के मुख्य मंत्री का चुनाव जनता द्वारा सीधा हो, और यदि ऐसा हो जाये तो इस राष्ट्र को अपनी पसंद के व्यक्ति को चुनने का पूरा अधिकार वास्तविक अर्थों में मिल सकेगा और चुनाव के बाद बंदरबांट नोटतंत्र के द्वारा जोड़तोड़ से किसी भी अयोग्य कमजोर व्यक्ति को देश की बागडोर सम्हालने से रोका जा सकेगा
|
     चुनाव की व्यवस्था स्टेट फंडिंग से हो तो शायद जिन कारणों से शासन तंत्र कमजोर पड़ता है और भ्रष्टाचार का बोलबाला होता है वह समाप्त हो सकता है | स्थिति यह हो गई है की हर राजनीतिक दल को हर दो चार महीने में चुनाव का सामना करना पड़ता है यदि चुनाव साथ साथ हों तो श्रम, समय एवं अर्थ की बचत हो सकेगी
|
    
यह एक ऐसा विषय है जिस पर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होनी चाहिए जिससे कांग्रेस या किसी भी राजनैतिक दल के उन मंसूबों पर रोक लग सकेगी जिनके लिए आम आदमी के वोट का महत्व सिर्फ चुनाव जीतने तक ही सीमित है की चुनाव बाद आम आदमी राष्ट्रवादी चिंतन को आगे बढाने वाले व्यक्ति को प्रधान मंत्री या मुख्यमंत्री के रूप में कुर्सी पर स्थापित करने के लिए चिंता करना |जरूरत के मुताबिक सौ से भी ज्यादा संशोधन को झेल चुका भारतीय संविधान एक और संशोधन द्वारा पुष्ट किया जा सकता है |

Apr 22

 

               यह विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के  महापर्व का समय है और प्रदेश के हर नागरिक को अपने मताधिकार का उपयोग कर इस महापर्व की सार्थकता को सिद्ध करना चाहिए| मेरा आपसे आवाहन है कि आप भारतीय जनता पार्टी  को अपना बहुमूल्य वोट देकर मजबूती प्रदान करें| आपका एक एक वोट मध्य प्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश बनाने में सहायक होगा ऐसा मेरा विश्वास है|

              विशेषकर मेरा इस प्रदेश के युवा नव मतदाता से विनम्र निवेदन है की आप प्रातः ही घर से बाहर निकलें और वोट डालकर सशक्त मध्यप्रदेश और उन्नत भारत के लिए इस महत्त्वपूर्ण अभियान में शामिल हों|
             युवा शक्ति के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी ने विशेष कार्य योजना बनाई है और मैं आश्वस्त करता हूँ की आने वाले समय में किसी भी युवा को मंदी की मार के चलते अपने रोजगार से हाथ नहीं धोना पड़ेगा, मैं इस दर्द को अच्छी तरह समझता हूँ| मैं युवाओं को सिर्फ वोट के लिए ही नहीं,  बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए आवाहन कर रहा हूँ| मैं  यह भी बताना  चाहता हूँ कि भविष्य की कार्य योजना विहीन  कांग्रेस के,  सिर्फ ऐसे प्रचार से, बिलकुल भी भ्रमित न हों, जिसमें सिर्फ युवा चेहरे को छापा जा रहा है और वह भी बिना किसी दृष्टि के|

              जबकि भारतीय जनता पार्टी  “अनुभवी आडवाणी जी की युवा दृष्टि”  के साथ राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं को विकास में साझीदार बनाना चाहती है| आपका हर वोट  भारतीय जनता पार्टी  को न केवल राष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त राजनैतिक दल के रूप में मजबूत करेगा बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा को भी इससे राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी |
                                                    भारत माता की जय |
                                                   जय हिंद,  जय भारत |

Apr 18

            मैं एक बहुत ही सामान्य परिवार से हूँ और गरीब व गरीबी दोनों को मैंने बहुत ही करीब से देखा है|  मैंने अपने जीवन की प्रारंभिक संघर्ष की अवधि में कभी भी यह नहीं सोचा था कि मैं मुख्यमंत्री बनूँगा |  अपने विद्यार्थी जीवन से ही मैं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ा और बाद में भोपाल में पूर्णकालिक रहकर कार्य भी किया एवं संगठन को मजबूत किया |  आपातकाल का समय मेरे जीवन का एक महत्वपूर्ण भाग है क्योंकि इस दौरान मुझे कारावास मैं रहना पड़ा और इस अवधि में जन सामान्य पर हुए अन्याय ने   मेरे युवा मन को पूरी तरह से झंझोड़कर रख दिया | मेरे इरादों में और दृढ़ता आ गयी, कि अब मैं राष्ट्र व समाज के लिए अपना पूरा जीवन होम कर दूँगा |  मुझे मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में पहले युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष फिर युवा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष और इसके बाद भाजपा में मुझे राष्ट्रीय महासचिव  और उसके बाद   मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का दायित्व दिया गया | विदिशा संसदीय सीट से मैं पॉँच बार सांसद रहा और मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने गृह क्षेत्र बुधनी की जनता के   आशीर्वाद से विधायक बनकर लगातार जनता की सेवा में प्रयासरत हूँ |

         गुलाम भारत की पहचान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गरीबों के देश के रूप में बनी रही है और स्वतन्त्रता के बाद भी परिस्थितियो में बहुत सुधार नहीं आया है |  मैं इस गरीबी के राक्षस को जड़ से समाप्त करना चाहता हूँ और गरीबी के कारण जो सामाजिक दर्द का वातावरण बना है उसको भी दूर करना चाहता हूँ |  ऐसे गरीबी के माहौल में,  कोई भी परिवार एक लड़की को बोझ न समझे इसलिए मैने लाड़ली लक्ष्मी योजना बनायीं और आज मुझे प्रसन्नता है कि राष्ट्रीय  स्तर पर भाजपा ने अपने घोषणा–पत्र में इसे शामिल कर पूरे देश में लागू करने का  निश्चय किया है | गरीबी पढ़ाई में बाधा न बने और गरीबी के कारण कोई  मृत्यु न हो, खुशहाली का वातावरण हो ऐसे “स्वर्णिम मध्यप्रदेश” की मेरी कल्पना है |

       दूसरी बार मुख्यमंत्री का कार्यभार सम्हालते ही मैने  अपनी सात प्राथमिकताएँ  आपके समक्ष रखी जिनमें अधोसंरचना विकास, निवेश वृद्धि, कृषि को लाभप्रद बनाना, शिक्षा और स्वास्थ्य बेहतर होना, महिला सशक्तीकरण, बेहतर सुरक्षा कानून  और व्यवस्था, सुशासन और संसाधन विकास शामिल है |

      अत्यंत क्षोभ के साथ मैं मानता हूँ कि ‘भ्रष्टाचार’ पूरी व्यवस्था के लिए नासूर बन चुका है और इसे एक झटके में समाप्त करना किसी के लिए संभव नहीं  है परन्तु मैं विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि चरणबद्ध तरीके से इसको जड़ से  समाप्त करने के लिए मैं कृतसंकल्प हूँ |  शासन में आईटी का प्रयोग इसी लिए प्रारंभ किया गया है |  परन्तु इस संघर्ष मैं समाज के हर वर्ग को मेरा साथ देना होगा, क्योंकि मेरी कल्पना जरूर “स्वर्णिम मध्यप्रदेश” की है  परन्तु सामूहिक प्रयासों से ही इसे मूर्त रूप दिया जा सकता है|

      मध्यप्रदेश के विकास के लिए निरन्तर चिन्तन अब आगे आपके समक्ष मैं रखता रहूँगा और आपके सुझाव निश्चित तौर पर मेरे  निर्णयों को और सामर्थ्यवान बनायेंगे |  आपने ही मुझे मुख्यमंत्री के रूप मैं दुबारा सेवा का मौका दिया है मैं आपको शिकायत का मौका नहीं दूँगा।